भारत की युवा शक्ति पर पीएम मोदी का भरोसा: ‘परम मित्र’ के नाते किया संवाद
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने मंच से अपने संबोधन में युवा शक्ति की ऊर्जा और उनके सामर्थ्य पर भरोसा जताया। पीएम मोदी ने कहा कि उनका युवाओं से रिश्ता एक प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि ‘परम मित्र’ का है।
भारत की युवा शक्ति से ऊर्जावान हुआ भारत मंडपम
अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा, “भारत की युवा शक्ति की ऊर्जा से आज भारत मंडपम भी ऊर्जावान हो गया है। आज पूरा देश स्वामी विवेकानंद जी को याद कर रहा है और उन्हें प्रणाम कर रहा है। स्वामी विवेकानंद जी को नौजवानों पर बहुत भरोसा था। वे कहते थे कि मेरे कार्यकर्ता युवा पीढ़ी से आएंगे और हर समस्या का समाधान निकालेंगे। जैसे विवेकानंद जी का युवाओं पर भरोसा था, वैसे ही मुझे भी अपनी युवा शक्ति पर पूरा विश्वास है।”
भारत की युवा शक्ति ला रही है उल्लेखनीय परिवर्तन
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश में उल्लेखनीय परिवर्तन ला रही है। ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ एक ऐसा प्रेरक मंच है, जो युवाओं की ऊर्जा और अभिनव भावना को एकजुट करता है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही भारत को जल्द से जल्द विकसित राष्ट्र बनाएगी।
युवाओं पर विश्वास ने दी ‘माई भारत डॉट कॉम’ की प्रेरणा
पीएम मोदी ने बताया कि युवाओं पर उनके भरोसे ने ही उन्हें ‘माई भारत डॉट कॉम’ प्लेटफॉर्म बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “मेरा, मेरे देश के नौजवानों के साथ ‘परम मित्र’ वाला नाता है। मित्रता की सबसे मजबूत कड़ी विश्वास होती है। मुझे आप पर बहुत विश्वास है और इसी विश्वास ने मुझे ‘माई भारत डॉट कॉम’ का गठन करने की प्रेरणा दी। इसी विश्वास के आधार पर ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ की शुरुआत हुई।”
अमेरिका का उदाहरण देकर बढ़ाया हौसला
पीएम मोदी ने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा, “1930 के दशक में अमेरिका एक बड़े आर्थिक संकट में फंसा था। लेकिन तब वहां की जनता ने ठाना कि हमें इससे बाहर निकलना है और तेज गति से आगे बढ़ना है। उन्होंने विकास का रास्ता चुना और न केवल उस संकट से बाहर निकले, बल्कि विकास की रफ्तार को कई गुना तेज कर दिखाया। हमें भी उसी तरह आगे बढ़ना है।”
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भारत की युवा शक्ति की सराहना की और उन्हें विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि उनका युवाओं पर अटूट विश्वास है और यह विश्वास ही देश को आगे ले जाएगा।
