देश

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में वायुसेना बेस पर हमला, देश में बढ़ी अशांति

बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी तट पर स्थित कॉक्स बाजार में बदमाशों ने वायुसेना बेस पर सोमवार को घात लगाकर हमला किया। इस हमले से अंतरिम सरकार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। सरकार पहले से ही देश में बढ़ती हिंसा और अस्थिरता रोकने में नाकामी के आरोपों से घिरी हुई है।

क्या है पूरा मामला?

बांग्लादेश के सशस्त्र बलों के मीडिया प्रभाग (आईएसपीआर) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कॉक्स बाजार स्थित वायुसेना अड्डे के नजदीक समिति पारा क्षेत्र से कुछ बदमाशों ने घात लगाकर जवानों पर हमला किया। जवाबी कार्रवाई में वायुसेना ने प्रदर्शनकारियों पर कई राउंड गोलियां चलाईं। इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना तब हुई जब प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से वायुसेना के इलाके को खाली कर पास के खुरुश्कुल हाउसिंग प्रोजेक्ट में जाने को कहा था। इसी बात से नाराज होकर प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर हमला किया।

अंतरिम सरकार पर उठे सवाल

बांग्लादेश में पिछले कुछ महीनों से हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अगस्त 2024 में सत्ता छोड़ने के बाद से ही अंतरिम सरकार देश की कानून-व्यवस्था को संभालने में असफल साबित हो रही है। इस वजह से विपक्षी दल और आम नागरिक लगातार सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर रहे हैं।

छात्रों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

वायुसेना अड्डे पर हुए हमले से पहले रविवार को राजधानी ढाका में छात्रों ने महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध यौन हिंसा की घटनाएं रोकने में सरकार की नाकामी पर विरोध प्रदर्शन किया। जगन्नाथ विश्वविद्यालय, ईडन कॉलेज, गवर्नमेंट टिटुमिर कॉलेज, यूएलएबी और बीआरएसी यूनिवर्सिटी समेत कई संस्थानों के छात्रों ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

छात्रों ने कहा-

“सरकार जागो!”, “चुप्पी खत्म करो, बलात्कारियों को सजा दो!”, “हिंसा बंद करो, महिलाओं की रक्षा करो!” और “बलात्कारियों को फांसी दो!”

अस्थिरता की बढ़ती चिंता

कॉक्स बाजार की यह ताजा घटना साफ दर्शाती है कि अंतरिम सरकार को बांग्लादेश में स्थिरता लाने के लिए गंभीर कदम उठाने होंगे। बदमाशों द्वारा सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने की घटना बेहद चिंताजनक है।

Spread the love