भारत दौरे पर यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, व्यापार समझौते पर होंगी चर्चा
“यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन दो दिवसीय दौरे पर भारत आ रही हैं। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संग मुक्त व्यापार समझौते (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगी। बता दें कि यह उनकी तीसरी भारत यात्रा होगी।“
यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ आ रहीं उर्सुला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष कॉलेज ऑफ कमीशनर्स (College of Commissioners) के प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आ रही हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में 27 अधिकारी शामिल होंगे। गौरतलब है कि उर्सुला वॉन डेर लेयेन यूरोपीय कमीशन की पहली महिला अध्यक्ष हैं।
विदेश मंत्रालय ने दी यात्रा की जानकारी
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, उर्सुला की यात्रा के एजेंडे में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता समेत कई अन्य प्रमुख मुद्दे शामिल हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और उर्सुला एक पूर्ण सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे और विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करेंगे।
यात्रा की घोषणा दावोस में हुई थी
इस महत्वपूर्ण यात्रा की औपचारिक घोषणा 21 जनवरी को दावोस में की गई थी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और उर्सुला वॉन डेर लेयेन संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे। इसके अलावा, वे भारत-यूरोपीय संघ व्यापार परिषद की बैठक में भी भाग लेंगी।
ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल की बैठक होगी आयोजित
यात्रा के दौरान भारत और यूरोपीय संघ की ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी परिषद की दूसरी मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित होगी। साथ ही, भारतीय और यूरोपीय अधिकारियों के बीच द्विपक्षीय मंत्रिस्तरीय बैठकें भी होंगी, जिसमें व्यापार और तकनीकी सहयोग जैसे विषयों पर बातचीत होगी।
उर्सुला वॉन डेर लेयेन की यह यात्रा भारत-यूरोपीय संघ के रिश्तों को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी। इस दौरान मुक्त व्यापार समझौते, तकनीकी सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा होगी। यह यात्रा भारत और यूरोपीय संघ के बीच आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने में सहायक साबित होगी।
