देश

गणतंत्र दिवस 2025: भारतीय वायुसेना का साहसिक फ्लाईपास्ट और मोटरसाइकिल डिस्प्ले ने मोहा मन

“गणतंत्र दिवस 2025 पर भारतीय वायुसेना ने 40 विमानों के साथ साहसिक फ्लाईपास्ट किया। इनमें राफेल, सुखोई, जगुआर, डॉनियर, अपाचे हेलीकॉप्टर, सी-17 और सी-295 जैसे उन्नत विमान शामिल थे। इन विमानों ने 10 अलग-अलग ठिकानों से उड़ान भरते हुए समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।”

फॉर्मेशन और करतबों की झलक

वायुसेना ने 12 अलग-अलग फॉर्मेशन में प्रदर्शन किया। पहला फॉर्मेशन ‘ध्वज’ रहा, जिसके बाद अजय, सतलुज, कटार, बाज, रक्षक, अर्जन, वरुण, नेत्र और भीम जैसे फॉर्मेशन पेश किए गए। खासतौर पर 5 जगुआर विमानों ने एरो फॉर्मेशन और 6 राफेल विमानों ने वज्रंग फॉर्मेशन बनाया। सुखोई विमानों ने त्रिशूल फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह का समापन राफेल के ‘वर्टिकल चार्ली’ प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वायुसेना के सर्वश्रेष्ठ पायलटों ने इन करतबों को अंजाम दिया।

कर्तव्य पथ पर शानदार मार्च

भारतीय वायुसेना की 144 वायुसैनिकों की टुकड़ी ने 12 बाई 12 की संरचना में मार्च किया। टुकड़ी का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर महेंद्र सिंह ने किया। फ्लाइट लेफ्टिनेंट दामिनी देशमुख, नेपो मोइरंगथेम और अभिनव घोष अन्य अधिकारी थे। बैंड ने ‘साउंड बैरियर’ धुन पर राष्ट्रपति को सलामी दी।

मोटरसाइकिल डिस्प्ले ने बटोरी वाहवाही

गणतंत्र दिवस समारोह में सिग्नल कोर के मोटरसाइकिल डिस्प्ले ने दर्शकों का ध्यान खींचा। बुलेट मोटरसाइकिलों पर जांबाज जवानों ने सीढ़ियों पर खड़े होकर राष्ट्रपति को सलामी दी। 30 से अधिक जवानों के संयुक्त प्रदर्शन ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

समापन और सांकेतिक संदेश

समारोह का समापन राष्ट्रगान और तिरंगे रंगों वाले गुब्बारों के उड़ाने के साथ हुआ। इन गुब्बारों पर संविधान की पहचान अंकित थी। इस वर्ष का गणतंत्र दिवस समारोह संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर केंद्रित था और यह आयोजन भारतीय सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक रहा।


Spread the love