दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व पीएम टॉनी एबॉट ने मिलेट्स सेंटर का दौरा किया
“ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टॉनी एबॉट ने दिल्ली स्थित आईएनए मार्केट के मिलेट्स एक्सपीरियंस सेंटर का दौरा किया और विभिन्न प्रकार के मिलेट्स के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने मिलेट्स से बने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया और भारतीय खानपान में मिलेट्स के बढ़ते महत्व को समझा।“
मिलेट्स के स्वाद और स्वास्थ्य लाभों से हुए प्रभावित
टॉनी एबॉट ने कहा, “मैं मिलेट सेंटर का दौरा करके बहुत खुश हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में मिलेट्स को बढ़ावा देने को सामाजिक उत्थान अभियान का हिस्सा बनाया है, यह वास्तव में सराहनीय है।”
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले मिलेट्स से ज्यादा परिचित नहीं थे, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया में गेहूं और चावल अधिक खाए जाते हैं। हालांकि, मिलेट्स से बने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेकर उन्होंने उनकी पौष्टिकता और स्वास्थ्य लाभों की सराहना की।
भारत दौरे पर एनएक्सटी कॉन्क्लेव 2025 में होंगे शामिल
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एनएक्सटी कॉन्क्लेव 2025 में भाग लेने के लिए भारत दौरे पर हैं। यह सम्मेलन 28 फरवरी से 1 मार्च 2025 तक भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने मिलेट्स के प्रचार और जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की पहल की सराहना की।
भारत की समृद्ध परंपरा से हुए प्रभावित
मिलेट्स सेंटर के दौरे के बाद टॉनी एबॉट ने एक हथकरघा प्रदर्शनी का भी दौरा किया। यहां उन्होंने भारत की समृद्ध विरासत, कला और परंपरा का अनुभव किया और भारतीय शिल्पकला की प्रशंसा की।
